बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के चर्चित श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस ने घटना के करीब ढाई हफ्ते बाद मुख्य आरोपी विवेक चौबे को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। इससे पहले पुलिस ने विवेक के दोस्त पुनीत मिश्रा को भी 24 अगस्त को मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया था।
राजातालाब क्षेत्र के मरुई-जमुनी गांव निवासी सुनील उपाध्याय की इकलौती बेटी श्रेया उपाध्याय जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। 18 अगस्त को वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने उसका मोबाइल सर्विलांस पर लगाया तो आखिरी लोकेशन बच्छांव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली। इसी बीच परिवार को पता चला कि श्रेया के संपर्क में रहा चोलापुर निवासी विवेक चौबे भी गायब है। बाद में विवेक के ननिहाल से मिले बैग में बच्छांव के एक कमरे की चाबी मिली। श्रेया की मां ने कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर बाथरूम में उसका शव मिला था।
परिजनों ने आरोप लगाया था कि विवेक ने श्रेया की हत्या कर शव को बाथरूम में छिपा दिया और फरार हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि श्रेया की शादी कहीं और तय होने से विवेक नाराज था। जांच आगे बढ़ने पर उसके दोस्त पुनीत मिश्रा की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, पुनीत ने 22 लाख रुपये के लालच में विवेक के साथ मिलकर हत्या में मदद की थी। पुनीत को 24 अगस्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 27 अगस्त को राजातालाब पुलिस ने विवेक के पिता रामसहाय चौबे को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह राजातालाब पुलिस की टीम वांछित आरोपियों की तलाश में जगतदेवपुर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से विवेक के वहां से गुजरने की सूचना मिली। पुलिस ने एक संदिग्ध को रोकने की कोशिश की तो वह पैदल भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। उसकी पहचान विवेक चौबे उर्फ निखिल के रूप में हुई और उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी भेजा गया। एडीसीपी गोमती नृपेन्द्र के मुताबिक, पूछताछ में विवेक ने श्रेया की शादी कहीं और तय होने से नाराज होकर पुनीत के साथ मिलकर हत्या करने की बात बताई है। पुलिस अब सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।