ताजा खबर

हेरोइन के लिए पैसे पड़े कम तो रची चोरी की साजिश, रिटायर एसडीओ के घर से 7 लाख का माल बरामद

Photo Source : Google

Posted On:Friday, September 25, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के परशुरामपुर मोहल्ले में बिजली विभाग के रिटायर एसडीओ के घर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। बुधवार को सारनाथ पुलिस और एसओजी की टीम ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक किशोर भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हेरोइन खरीदने और पीने के लिए पैसों की जरूरत होने पर चोरी की योजना बनाई थी। उनके पास से करीब 7 लाख रुपये का सामान बरामद हुआ, जिसमें दो किलो चांदी, 10 ग्राम सोना, एक घड़ी और 10,340 रुपये कैश शामिल हैं।

सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि फरीदपुर रिंग रोड के पास परशुरामपुर निवासी गौरव राय उर्फ गोलू पंडित, रामदत्तपुर निवासी आर्यन हाशमी उर्फ चीकू, इरशाद, छोटालालपुर निवासी विजय चौहान उर्फ लकी और एक किशोर को पकड़ा गया। पूछताछ में गौरव ने बताया कि उसे हेरोइन पीने की आदत है। परशुरामपुर में मुर्गा काटने वाले राहुल राजभर के जरिए उसकी पहचान आर्यन हाशमी और दूसरे हेरोइन पीने वालों से हुई थी। इसके बाद सभी साथ में नशा करने लगे और जब पैसे कम पड़ने लगे तो चोरी करने की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने परशुरामपुर में बगीचे के पास स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वे इससे पहले दूसरे घरों में भी चोरी कर चुके हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आर्यन हाशमी के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में दो और सारनाथ थाने में एक मामला दर्ज है। इरशाद के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर में दो और सारनाथ में एक केस है। वहीं विजय चौहान के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर में दो, सारनाथ में दो और भेलूपुर थाने में एक मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों से चोरी की दूसरी वारदातों को लेकर भी पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी गौरव सिंह, एसआई राहुल कुमार यादव, बुद्धराज, आयुष पांडेय, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव और पंकज सिंह शामिल रहे। पुलिस अब बरामद सामान और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि इन लोगों ने और कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.