अल्लू अर्जुन की अगली फिल्म ‘राका’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में छा गई है। ‘पुष्पा’ और ‘पुष्पा 2’ के बाद अभिनेता को बड़े पर्दे पर एक बिल्कुल अलग अवतार में देखने का इंतजार कर रहे फैंस के लिए फिल्म से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। एटली के निर्देशन में बन रही इस साइंस-फिक्शन फिल्म का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है। यानी फिल्म सिनेमाघरों में आने से पहले ही ऐसा कारनामा कर चुकी है, जिसने इसकी चर्चा को और बड़ा बना दिया है।
सन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही ‘राका’ में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण, मृणाल ठाकुर, जाह्नवी कपूर और रश्मिका मंदाना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर अल्लू अर्जुन और एटली की तस्वीर शेयर की, जिसमें दोनों गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट थामे दिखाई दे रहे हैं। फिल्म ने रियल टाइम में एक साथ सबसे ज्यादा लोगों के मोशन-कैप्चर का रिकॉर्ड बनाया है। शूटिंग के दौरान एक ही कैप्चर वॉल्यूम में 37 कलाकारों को एक साथ मोशन-कैप्चर किया गया।
यह रिकॉर्ड फरवरी 2026 में फिल्म की शूटिंग के दौरान बनाया गया था और 15 सितंबर को इसे आधिकारिक तौर पर प्रमाणित किया गया। एक समारोह में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के वरिष्ठ निर्णायक ने अल्लू अर्जुन और एटली को सर्टिफिकेट सौंपा। खास बात यह रही कि इस मोशन-कैप्चर में 4 साल की उम्र के बच्चे से लेकर 70 साल तक के कलाकार शामिल थे। इतने सारे कलाकारों की गतिविधियों को एक ही समय पर ट्रैक करना अपने आप में बड़ी तकनीकी चुनौती थी, क्योंकि टीम को हर मूवमेंट को सटीक तरीके से कैप्चर करना था।
इस उपलब्धि पर अल्लू अर्जुन ने भी अपनी खुशी जाहिर की और इसे पूरी टीम के लिए गर्व का पल बताया। अभिनेता ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वह इस पल को लेकर सच में बहुत विनम्र महसूस कर रहे हैं और ‘राका’ में आगे क्या देखने को मिलेगा, इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। वहीं एटली ने भी इस रिकॉर्ड को अपने लिए भावुक पल बताया। उन्होंने याद किया कि बचपन में वह गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के बारे में बड़े आश्चर्य के साथ सुना करते थे और कभी नहीं सोचा था कि एक दिन उनकी टीम खुद कोई रिकॉर्ड बनाएगी।
इस रिकॉर्ड को संभव बनाने के लिए फिल्म की विजुअल इफेक्ट्स टीम ने प्रोडक्शन की जरूरतों के हिसाब से खास मोशन-कैप्चर सिस्टम तैयार किया था। इसमें 92 ऑप्टिकल मोशन-कैप्चर कैमरों के साथ अनरियल इंजन का इस्तेमाल किया गया। रियल टाइम विजुअलाइजेशन, सिंक्रोनाइज्ड विटनेस फीड्स और फेशियल ट्रैकिंग जैसी तकनीकों की मदद से लाइव डेटा को मैनेज किया गया। अब जब ‘राका’ ने पर्दे पर आने से पहले ही तकनीकी मोर्चे पर इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है, तो अल्लू अर्जुन और एटली की इस साइंस-फिक्शन दुनिया से दर्शकों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं।
Check Out The Post:-