आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां पड़ोसी का नाम तक कई लोग नहीं जानते, वहीं नीना गुप्ता की नई वेब सीरीज 'चुंबक' पुराने मोहल्लों की उसी आत्मीयता और अपनापन को फिर से पर्दे पर लेकर आ रही है। नेटफ्लिक्स ने शुक्रवार को इस फैमिली ड्रामा की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया। यह सीरीज 28 अगस्त 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी और इसकी पहली झलक ने ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
रिलीज डेट के साथ नेटफ्लिक्स ने एक मजेदार प्रोमो भी साझा किया है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, "कमबैक कॉलोनी सोसाइटी नोटिस! पड़ोसियों से मिलने का वक्त आ रहा है।" प्रोमो में नीना गुप्ता पूरे जोश के साथ दर्शकों का स्वागत करती नजर आती हैं और कहती हैं, "नेटफ्लिक्स फैमिली में एक और फैमिली जुड़ रही है। मिलिए 'चुंबक' परिवार से।" इस छोटी-सी झलक में ही सीरीज का हल्का-फुल्का और दिल को छू लेने वाला अंदाज साफ दिखाई देता है।
'चुंबक' एक ऐसे शहरी भारतीय मोहल्ले की कहानी है, जहां रिश्ते सिर्फ दीवारों से नहीं, बल्कि दिलों से जुड़े होते हैं। यहां त्योहार पूरे मोहल्ले का होता है, खुशी सबकी होती है और मुश्किलें भी अकेले नहीं झेली जातीं। चीनी, चायपत्ती या मसालों का आदान-प्रदान हो या बिना बुलाए घर आ जाना—सीरीज उन छोटी-छोटी बातों को बड़े प्यार से दिखाएगी, जो कभी भारतीय पड़ोस की सबसे बड़ी पहचान हुआ करती थीं।
सीरीज में नीना गुप्ता के साथ देवेन भोजानी, अमायरा दस्तूर, अर्जुन बिजलानी, अनंत वी. जोशी और हेली शाह जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसे आतिश कपाड़िया ने लिखा, निर्देशित और सह-निर्मित किया है, जबकि जेडी मजेठिया इसके निर्माता हैं। 'साराभाई वर्सेस साराभाई' और 'खिचड़ी' जैसे यादगार शोज़ देने वाली यह जोड़ी इस बार भी रिश्तों की गर्माहट से भरी कहानी लेकर आ रही है। 'चुंबक' यह एहसास दिलाने की कोशिश करेगी कि परिवार सिर्फ खून के रिश्तों से नहीं बनता, कई बार सबसे अपना रिश्ता उस घर से होता है जिसकी घंटी हम बिना झिझक बजा देते हैं।
Check Out The Post:-