कॉमेडी और मनोरंजन का तड़का लेकर आ रही अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह बना है फिल्म का नया गाना ‘दीवाने हैं’, जिसके टीज़र ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. अक्षय कुमार ने टीज़र शेयर करते हुए मजेदार अंदाज में लिखा कि जंगल भी तैयार है, हंगामा भी तैयार है, अब सिर्फ दर्शकों का इंतजार है।
सामने आए टीज़र में रंग-बिरंगे सेट, जबरदस्त डांस मूव्स और बड़े स्तर का सेलिब्रेशन देखने को मिलता है। जंगल की थीम पर तैयार किए गए इस गाने में शानदार विजुअल्स और एनर्जी भरपूर नजर आ रही है। कई कलाकार एक साथ स्क्रीन पर धमाल मचाते दिखाई दे रहे हैं, जिससे साफ है कि फिल्म अपने दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देने वाली है।
गाने को अमृता फडणवीस और आनंद राज आनंद ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल और संगीत की जिम्मेदारी भी आनंद राज आनंद ने संभाली है। खास बात यह है कि इस गाने के जरिए आनंद राज आनंद की बड़े कमर्शियल सिनेमा में वापसी को लेकर संगीत प्रेमियों में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। टीज़र देखने के बाद फैंस अब पूरे गाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ लोकप्रिय वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडीज, दिशा पटानी, अरशद वारसी, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, श्रेयस तलपड़े और कई चर्चित कलाकार नजर आएंगे। विशाल स्टारकास्ट और कॉमेडी से भरपूर अंदाज के साथ यह फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।
Check Out The Teaser:-