अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनकी और जैकी भगनानी की जोड़ी सिर्फ निजी जिंदगी में ही नहीं, बल्कि प्रोफेशनल लाइफ में भी शानदार तालमेल रखती है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर पति के साथ कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि साथ काम करना उनके लिए कैसा अनुभव होता है। रकुल की पोस्ट में प्यार, दोस्ती और बेहतरीन साझेदारी की झलक साफ नजर आई, जिसे फैंस ने भी खूब पसंद किया।
शेयर की गई तस्वीरों में रकुल और जैकी क्रीम और गोल्ड रंग के मैचिंग ट्रेडिशनल आउटफिट्स में बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहे हैं। दोनों कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए और हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आए। उनकी शानदार केमिस्ट्री ने सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत लिया और कमेंट सेक्शन में दोनों की जोड़ी की जमकर तारीफ हो रही है।
तस्वीरों के साथ रकुल ने अपने रिश्ते का एक दिलचस्प राज भी साझा किया। उन्होंने लिखा, "लोग हमसे पूछते हैं कि साथ काम करना कैसा लगता है। इसका जवाब? आधे समय हम काम के बारे में बात करते हैं, और बाकी आधे समय हम हंसते हैं और खाने-पीने की बातें करते हैं।" रकुल का यह मजेदार जवाब उनके रिश्ते की सहजता और दोस्ताना अंदाज को बखूबी बयां करता है। उन्होंने आगे कहा कि दोनों की सोच काफी मिलती-जुलती है, इसलिए साथ काम करना हमेशा आसान और बेहद संतोषजनक लगता है।
रकुल ने यह भी लिखा, "यह मज़ेदार है क्योंकि मुझे लगता है कि हमारी तालमेल बहुत अच्छी है। साथ मिलकर ज़िंदगी बनाना एक बात है, लेकिन कुछ ऐसा बनाना जिसके लिए आप दोनों उत्साहित हों, यह बिल्कुल अलग अनुभव है।" उनकी इन बातों से साफ झलकता है कि दोनों सिर्फ जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम भी हैं। यही वजह है कि वे निजी और पेशेवर जिंदगी के बीच शानदार संतुलन बनाए रखने में सफल रहे हैं।
गौरतलब है कि रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी ने साल 2021 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था और 2024 में गोवा में शादी के बंधन में बंधे। दोनों इससे पहले 'कठपुतली' और 'मेरे हसबैंड की बीवी' जैसे प्रोजेक्ट्स में साथ काम कर चुके हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो रकुल जल्द ही नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' में शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगी, जबकि जैकी के साथ मिलकर वह अपने नए क्रिएटिव और बिजनेस प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही हैं।