परिणीति चोपड़ा इन दिनों लगातार अलग-अलग और चुनौतीपूर्ण किरदारों से दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। हालिया वेब सीरीज ‘शक- ट्रस्ट नो वन’ के बाद अब उनकी अगली फिल्म ‘रिपोर्टिंग लाइव’ चर्चा में आ गई है। शनिवार को फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया गया, जिसमें परिणीति एक बेखौफ खोजी पत्रकार के किरदार में नजर आ रही हैं। इस बार उनकी कहानी ग्लैमर से दूर उस दुनिया में पहुंचती है, जहां सच की तलाश करना जान जोखिम में डालने जैसा है।
ट्रेलर की शुरुआत एक इंटरव्यू से होती है, जहां परिणीति एक अधिकारी से दुर्घटना और अवैध रेत खनन को लेकर सवाल करती हैं। अधिकारी मामले को टालने की कोशिश करता है, लेकिन पत्रकार के सवाल यहीं रुकने वाले नहीं हैं। जैसे-जैसे वह अपने सवालों के जवाब तलाशती हैं, मामला महज एक दुर्घटना से कहीं ज्यादा बड़ा नजर आने लगता है। अवैध रेत खनन के सवाल पर अधिकारी का असहज होना साफ संकेत देता है कि कहानी के पीछे कई ऐसे राज छिपे हैं, जिन्हें सामने लाना आसान नहीं होगा।
परिणीति का किरदार जब इस मामले की तह तक पहुंचने निकलता है, तो उसे खनन माफियाओं के खौफ का सामना करना पड़ता है। ट्रेलर में एक बेहद दिलचस्प लाइन सुनने को मिलती है—‘यह ब्राउन गोल्ड है मैडम।’ यानी जिस रेत को आम नजर से मामूली समझा जाता है, उसके पीछे करोड़ों का खेल और ताकतवर लोगों का नेटवर्क छिपा हो सकता है। कैमरा लेकर सच रिकॉर्ड करने निकली पत्रकार को धमकियां मिलती हैं, हमले होते हैं और धीरे-धीरे दस्तावेजों और सबूतों के जरिए इस पूरे खेल की परतें खुलने लगती हैं।
मुश्किलें बढ़ने के बावजूद परिणीति का किरदार पीछे हटने को तैयार नहीं है। परिवार के सामने उसका यह कहना कि, ‘इस बार हार गई तो हमेशा के लिए हार जाऊंगी’, उसके इरादों और कहानी के दांव को साफ कर देता है। अब सवाल यही है कि क्या वह खनन माफियाओं के खिलाफ अपने मिशन को अंजाम तक पहुंचा पाएगी या फिर सच की तलाश उसके लिए भारी पड़ जाएगी? ट्रेलर में पत्रकारिता, सस्पेंस, खतरे और सिस्टम के बीच की टकराहट को दिलचस्प अंदाज में पेश किया गया है।
‘रिपोर्टिंग लाइव’ में परिणीति चोपड़ा के साथ देवेन भोजानी, अमोल पालेकर, आदिल हुसैन और शेखर सुमन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी और परिणीति का खोजी पत्रकार वाला अंदाज इसे देखने की उत्सुकता बढ़ाता है। फिल्म 9 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि स्क्रीन पर ‘ब्राउन गोल्ड’ का यह रहस्य दर्शकों को कितना बांधकर रख पाता है।
Check Out The Trailer:-