बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के बाबतपुर इलाके में सोमवार देर रात एक होटल के कमरे से युवक और युवती के शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों की पहचान बड़ागांव की प्रिया केसरी (23) और मंडुवाडीह के विकास केसरी (20) के तौर पर हुई है। प्रिया का शव कमरे के अंदर मिला, जबकि विकास फंदे पर लटका हुआ था। प्रिया की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान थे।
पुलिस की शुरुआती जांच और फॉरेंसिक टीम के मुताबिक, विकास ने पहले बाथरूम में चाकू से प्रिया का गला काटा और फिर कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों दोपहर करीब एक बजे केजे होटल पहुंचे थे। पुलिस को आशंका है कि प्रिया की शादी दूसरी जगह तय होने से विकास नाराज था। इसी वजह से उसने आखिरी बार मिलने के बहाने उसे होटल बुलाया होगा।
बड़ागांव थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि विकास और प्रिया के बीच पहले से प्रेम संबंध थे। प्रिया, विकास के भाई की साली थी और दोनों के परिवार इस रिश्ते के बारे में जानते थे। विकास परचून की दुकान चलाता था, जबकि प्रिया ब्यूटीशियन का काम करती थी। घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान पुलिस टीम के साथ होटल पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य और नमूने भी जुटाए।
पुलिस के अनुसार, प्रिया और विकास के परिजनों ने उनके लापता होने की शिकायत की थी। परिवार ने बताया था कि प्रिया सुबह घर से निकली थी और विकास का भी कोई पता नहीं था। इसके बाद पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन की लोकेशन जांची, जिससे उनके होटल में होने की जानकारी मिली। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।