बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में प्रयागराज-वाराणसी नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 32 वर्षीय सोनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके पिता गुलाब कुमार घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर प्रयागराज की ओर भाग निकला। बेटी की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। रिंग रोड पर भी यातायात बाधित होने की सूचना है।
अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार से मिलकर लौट रहे थे पिता-बेटी
जानकारी के मुताबिक, चकिया निगतपुर के रहने वाले गुलाब कुमार अपनी बेटी सोनी देवी के साथ वाराणसी के एक अस्पताल गए थे। वहां सोनी की जेठानी सोना भर्ती थीं और दोनों उनका हालचाल जानने पहुंचे थे। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रखौना गांव के पास पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सोनी सड़क पर गिर गईं और ट्रक की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। गुलाब कुमार भी घायल हो गए।
घायल गुलाब कुमार का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल गुलाब कुमार को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस सोनी देवी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने वाली थी, लेकिन इसी बीच परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को पुलिस की गाड़ी से उतार लिया।
कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर बैठे परिजन
सोनी देवी की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोग शव को लेकर प्रयागराज-वाराणसी नेशनल हाईवे पर बैठ गए और जाम लगा दिया। लोग हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस दौरान रिंग रोड पर भी जाम लगाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस फरार ट्रक की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।