बनारस न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में चार पुलिस कमिश्नरेट के प्रमुखों की जिम्मेदारी बदली गई है। इसके अलावा जोन, रेंज, जिलों, पीएसी बटालियन और कई विशेष पुलिस इकाइयों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस फेरबदल का असर पुलिस विभाग के कई अहम पदों पर देखने को मिलेगा।
1997 बैच के आईपीएस अधिकारी मोहित अग्रवाल को वाराणसी पुलिस कमिश्नर से प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर रहे 1998 बैच के पीयूष मोर्डिया को लखनऊ में उत्तर प्रदेश का अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी), स्थापना नियुक्त किया गया है। लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर रहीं 2000 बैच की लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड़ अब गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, 1999 बैच के रमीट शर्मा को एडीजीपी, बरेली जोन से हटाकर लखनऊ जोन भेजा गया है। लखनऊ जोन के एडीजीपी प्रवीण कुमार अब बरेली जोन की कमान संभालेंगे।
रेंज और जिला स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज भेजा गया है। सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा रेंज और आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ रेंज की जिम्मेदारी मिली है। तकनीकी सेवाएं, लखनऊ में डीआईजी रहे आशीष तिवारी को सहारनपुर रेंज का डीआईजी बनाया गया है। अयोध्या के एसएसपी गौरव ग्रोवर अब मुरादाबाद के एसएसपी होंगे, जबकि गौतमबुद्धनगर में डीसीपी रहीं सुनीति को लखनऊ में डीजीपी मुख्यालय में एसपी नियुक्त किया गया है।
2013 बैच के कई अधिकारियों को पीएसी से हटाकर अलग-अलग विभागों में नई जिम्मेदारी दी गई है। बरेली की 8वीं पीएसी बटालियन के कमांडेंट आकाश तोमर को मुरादाबाद स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी का एसपी बनाया गया है। मुरादाबाद की 23वीं पीएसी बटालियन के कमांडेंट अमित कुमार-I को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू), लखनऊ में एसपी नियुक्त किया गया है। आगरा की 15वीं पीएसी बटालियन के कमांडेंट नरेंद्र कुमार सिंह को सीतापुर पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज भेजा गया है। वाराणसी की 36वीं पीएसी बटालियन के कमांडेंट डॉ. अनिल कुमार पांडेय को जेल प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, लखनऊ में एसपी बनाया गया है। गोंडा की 30वीं पीएसी बटालियन के कमांडेंट त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय, लखनऊ में एसपी और प्रयागराज की 42वीं पीएसी बटालियन के कमांडेंट राजेश कुमार श्रीवास्तव को खुफिया मुख्यालय में एसपी की जिम्मेदारी मिली है। आजमगढ़ की 20वीं पीएसी बटालियन के कमांडेंट सुशील कुमार शुक्ला को गोरखपुर पुलिस ट्रेनिंग स्कूल और झांसी की 33वीं पीएसी बटालियन के कमांडेंट अजीत कुमार सिन्हा को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन, लखनऊ में एसपी बनाया गया है।
डीसीपी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर पर भी तबादले हुए हैं। कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज भेजा गया है, जबकि प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत अब कानपुर नगर की जिम्मेदारी संभालेंगे। मुरादाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक सतपाल को अयोध्या का अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी प्रीति यादव को आगरा की 15वीं पीएसी बटालियन का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। वहीं, सरकार ने 2020 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों के पुराने तबादला आदेश रद्द कर नई तैनाती जारी की है। डीजीपी मुख्यालय में तैनाती का इंतजार कर रहे पुनीत द्विवेदी को अपर डीसीपी लखनऊ के बजाय अपर डीसीपी गाजियाबाद बनाया गया है। वाराणसी की अपर डीसीपी से गौतमबुद्धनगर भेजे जाने का आदेश रद्द होने के बाद नीतू को अपर डीसीपी लखनऊ और लखनऊ से गाजियाबाद भेजे जाने का पुराना आदेश रद्द होने के बाद अमित कुमावत को अपर डीसीपी आगरा नियुक्त किया गया है।