बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर मंगलवार शाम गंगा के घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे। इस खास आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने की संभावना है। उनका शाम करीब 4 बजे काशी पहुंचने का कार्यक्रम है। सीएम नमो घाट पर दीप जलाकर समारोह की शुरुआत करेंगे और क्रूज से गंगा महाआरती के दर्शन भी करेंगे।
इस बार देव दीपावली पर काशी के घाटों को 11 लाख से ज्यादा दीयों से रोशन करने की तैयारी है। आयोजन में 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। नमो घाट से लेकर सामने घाट तक कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं, दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीये जलाए जाएंगे। पूरे शहर में इस पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है।
इस बार देव दीपावली में आधुनिक तकनीक का भी खास आकर्षण देखने को मिलेगा। नमो घाट और गंगा पार आसमान में करीब 2100 ड्रोन के जरिए भगवान शिव के अलग-अलग स्वरूप, गंगा अवतरण, काशी विश्वनाथ मंदिर और कई धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीक दिखाए जाएंगे। इसके अलावा 25 मिनट का विशेष शो आयोजित होगा। इसमें पहले 17 मिनट की 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और फिर आठ मिनट का लेजर शो होगा। इस दौरान घाटों और ऐतिहासिक इमारतों पर काशी, भगवान शिव और मां गंगा से जुड़ी पौराणिक कहानियां दिखाई जाएंगी। संगीत, संवाद और वॉयस ओवर के जरिए देव दीपावली के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को भी दर्शाया जाएगा।
गंगा पार रेती पर करीब 10 मिनट का ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो भी होगा। इसमें भगवान शिव की महिमा पर आधारित भजनों के साथ आसमान में आतिशबाजी का नजारा देखने को मिलेगा। वहीं, दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा महाआरती भी आयोजन का बड़ा आकर्षण रहेगी। यहां पुजारियों की लयबद्ध आरती, शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच हजारों दीपों की रोशनी से पूरा माहौल भक्तिमय हो जाएगा। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीयों और भव्य आरती को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।