ताजा खबर

देव दीपावली पर काशी में ट्रैफिक का बड़ा प्लान, 10 रास्ते नो-व्हीकल जोन और 57 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था

Photo Source : Google

Posted On:Monday, November 23, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: काशी में देव दीपावली का त्योहार सुरक्षित और भव्य तरीके से मनाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त विजेंद्र पांडियन, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कई घाटों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को तय समय के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

वहीं, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और भेलूपुर थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने अस्सी घाट से हरिश्चंद्र घाट तक नाव से गश्त की। इस दौरान उन्होंने नाविकों को साफ निर्देश दिया कि बिना लाइफ जैकेट पहने नाव न चलाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने चेत सिंह घाट पर होने वाले लेजर शो की तैयारियों का भी जायजा लिया। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि देव दीपावली के दौरान घाटों पर भीड़ को संभालने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार के लिए विशेष यातायात योजना जारी की है। दोपहर 1 बजे से शहर में कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक और डायवर्जन लागू हो जाएंगे। शहर के 10 प्रमुख रास्तों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इसके अलावा 57 पार्किंग स्थल और पांच होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। नमो घाट और पड़ाव के बीच राजघाट पुल पर वाहनों के साथ पैदल चलने वालों की आवाजाही भी पूरी तरह बंद रहेगी। वहीं, सामने घाट पुल से सिर्फ दोपहिया वाहन और पैदल यात्री गुजर सकेंगे। विश्वसुंदरी और रिंग रोड पुल खुले रहेंगे। दोपहर 1 बजे के बाद बसों, मालवाहक वाहनों और भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को रिंग रोड और एनएच-19 के रास्ते भेजा जाएगा।

शहर में बसों के अस्थायी संचालन के लिए संदहा, हरहुआ और मोहनसराय में व्यवस्था की गई है। वहीं, सिटी बसें और ई-रिक्शा तय किए गए रास्तों पर ही चलेंगे। नमो घाट, गोदौलिया, अस्सी, लंका और रामनगर के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंधों से छूट दी गई है। बड़े अस्पतालों तक पहुंचने के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर भी बनाए गए हैं। पुलिस ने सहायता के लिए 7839856994 और 7317202020 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। नमो घाट की पार्किंग में सिर्फ तय रंग के पास वाले वाहन ही जा सकेंगे, जबकि बाकी लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों और पुलिस की ओर से बताए गए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.