बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक निजी स्कूल के हॉस्टल में बड़ा हादसा हो गया। यहां रहने वाली 12 वर्षीय छात्रा की छत से नीचे गिरने के बाद मौत हो गई। छात्रा बिहार के सीवान की रहने वाली थी। हालांकि, वह छत पर कैसे पहुंची और किन हालात में नीचे गिरी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के बाद पुलिस ने हॉस्टल पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी गौरव कुमार और लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी सबूत इकट्ठा किए।
पुलिस ने छात्रा के परिवार को घटना की जानकारी दे दी है। साथ ही हॉस्टल में रहने वाले लोगों और वहां मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्रा छत तक कैसे पहुंची और उसके गिरने के पीछे क्या वजह रही।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचने के बजाय घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। छात्रा के परिजनों के वाराणसी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। उनके आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।