बनारस न्यूज डेस्क: बेलीपार थाना क्षेत्र में गोरखपुर–वाराणसी नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम मेहरौली के पास करीब 7:35 बजे तेज रफ्तार एक्सयूवी ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में आराध्या नाम की युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी तीन वर्षीय बहन रुचि, पिता चंदन और परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा चालक ने सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के लिए वाहन दाईं ओर मोड़ा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में चालक समेत दो महिलाएं और एक युवती सवार थीं, जो बड़हलगंज क्षेत्र के हाटा गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं। कार में बैठे दो लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआई की एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान एक युवती ने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
फिलहाल कुछ घायल अपना पूरा विवरण देने की स्थिति में नहीं हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।