बॉलीवुड के सिंघम अजय देवगन अब फिल्मों के बाद टीवी पर भी अपना दमदार अंदाज दिखाने के लिए तैयार हैं। अभिनेता लंबे समय से लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन ‘क्राइम का करंट सीजन’ को होस्ट करते नजर आएंगे। अजय ने सोशल मीडिया पर शो का पहला प्रोमो शेयर किया है, जिसमें उनका गंभीर और रहस्यमयी अंदाज तुरंत ध्यान खींचता है। प्रोमो के अंत में अभिनेता कहते हैं, “इस बार, मैं आपके साथ रहूंगा…”, और इसी लाइन ने नए सीजन को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
करीब 65 सेकंड के प्रोमो में अजय शाम के समय एक इमारत की छत पर खड़े दिखाई देते हैं। कैमरे की तरफ मुड़ने के बाद वह अपराध और उससे जुड़ी कड़वी सच्चाइयों की बात करते हैं। अभिनेता का गंभीर अंदाज उनकी फिल्मों में नजर आने वाली सख्त और दबंग इमेज की याद दिलाता है। यही वजह है कि टीवी पर उनका यह नया अवतार शो के पुराने फॉर्मेट में एक नई ऊर्जा जोड़ता नजर आ रहा है।
अजय की एंट्री इसलिए भी खास है क्योंकि ‘क्राइम पेट्रोल’ लंबे समय तक अनूप सोनी की आवाज और अंदाज से पहचाना जाता रहा है। ऐसे में एक बड़े बॉलीवुड स्टार को शो की कमान सौंपना मेकर्स का बड़ा बदलाव माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय नए सीजन के लिए 15 एपिसोड की शूटिंग भी कर चुके हैं। वहीं अभिनेता राजेश तैलंग भी कुछ एपिसोड होस्ट करते नजर आएंगे, जिससे शो के नए फॉर्मेट में एक और बदलाव देखने को मिलेगा।
‘क्राइम का करंट सीजन’ 31 अगस्त को रात 10:30 बजे Sony Entertainment Television पर शुरू होगा और Sony LIV पर भी स्ट्रीम किया जाएगा। अजय देवगन की जबरदस्त फैन फॉलोइंग को देखते हुए शो को लेकर पहले ही काफी बज़ बन चुका है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही रहेगा कि क्या अजय का स्टारडम ‘क्राइम पेट्रोल’ के पुराने दर्शकों को पसंद आएगा और क्या वह शो की पहचान बरकरार रखते हुए इसमें अपनी अलग छाप छोड़ पाएंगे। फिलहाल प्रोमो ने इतना तो साफ कर दिया है कि इस बार ‘क्राइम पेट्रोल’ की कहानी के साथ उसका अंदाज भी काफी बदलने वाला है।
Check Out The Post:-