ताजा खबर

अनुपम खेर की 555वीं फिल्म का हुआ एलान बोले अभी इस सस्पेंस का मजा लेने दें

Photo Source :

Posted On:Monday, August 31, 2026

अनुपम खेर ने सोमवार को अपने फैंस को एक ऐसे एलान से चौंका दिया है, जिसने उनकी अगली फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। चार दशक से ज्यादा लंबे फिल्मी सफर में 500 से अधिक फिल्मों का हिस्सा रह चुके अनुपम खेर अब अपने करियर की 555वीं फिल्म लेकर आने वाले हैं। हालांकि, अभिनेता ने फिलहाल फिल्म के नाम, कहानी और बाकी कलाकारों को लेकर पर्दा नहीं उठाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए साफ कर दिया कि इस बार दर्शकों को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।

अनुपम खेर ने अपने पोस्ट में लिखा, “कुछ बातें कुछ समय तक दिल के करीब ही रखी जाएं तो बेहतर होता है, क्योंकि सही समय पर उनका खुलासा करने की खुशी ही कुछ और होती है।” इसके बाद उन्होंने अपनी 555वीं फिल्म का जिक्र करते हुए कहा, “अभी के लिए, मैं बस इतना ही कहूंगा कि मुझे अपनी खास 555वीं फिल्म का एलान करते हुए बहुत खुशी हो रही है। डिटेल्स सही समय पर बताऊंगा।” यानी फिल्म को लेकर फिलहाल कहानी से लेकर किरदारों तक सबकुछ सीक्रेट रखा गया है।

अभिनेता ने अपने पोस्ट के आखिर में फैंस से इस सस्पेंस को थोड़ा और बरकरार रखने की गुजारिश भी की। उन्होंने लिखा, “तब तक, मुझे भी इस सस्पेंस का मजा लेने दें।” अनुपम खेर का यह अंदाज सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि 555 का आंकड़ा अपने आप में उनके लंबे और शानदार करियर की एक खास उपलब्धि है। अब फैंस की नजर इस बात पर है कि आखिर वह कौन सी कहानी है, जिसे अनुपम खेर ने अपने करियर की इस खास फिल्म के लिए चुना है।

अनुपम खेर ने साल 1984 में महेश भट्ट की फिल्म सारांश से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। पहली ही फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहा गया और इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। गंभीर किरदारों से लेकर कॉमेडी और सपोर्टिंग रोल्स तक, उन्होंने अपने अभिनय के अलग-अलग रंग दिखाए। थिएटर और फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने निर्देशन में भी हाथ आजमाया और अब भी लगातार नए प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बने हुए हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर के खाते में इस समय कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित रामायण का भी हिस्सा हैं और रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में जटायु के किरदार के लिए उनकी आवाज का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा अभिनेता ने हाल ही में सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बन रही फिल्म ये प्रेम मोल लिया की शूटिंग पूरी की है। ऐसे में 555वीं फिल्म का यह नया एलान उनके व्यस्त फिल्मी सफर में एक और दिलचस्प अध्याय जोड़ता है।

अब सवाल सिर्फ इतना है कि अनुपम खेर की 555वीं फिल्म आखिर है क्या? अभिनेता ने फिलहाल राज़ खोलने से इनकार कर दिया है, लेकिन इतना जरूर साफ है कि वह इस खास नंबर को भी खास अंदाज में सेलिब्रेट करने की तैयारी में हैं। जब चार दशक के करियर के बाद कोई अभिनेता अपनी 555वीं फिल्म को लेकर भी इतना उत्साहित हो, तो सस्पेंस थोड़ा लंबा चले तो बनता है!


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.