प्राइम वीडियो ने अपनी नई इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा फिल्म बबीता सिंह रिपोर्टिंग का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। निमिषा सजयन, बरुण सोबती और अंशुमान पुष्कर स्टारर यह फिल्म एक छोटे भारतीय शहर की पृष्ठभूमि में बुनी गई कहानी लेकर आ रही है। ट्रेलर में मर्डर मिस्ट्री के साथ एक ऐसी महिला की भावनात्मक यात्रा दिखाई गई है, जो दूसरों के लिए जीते-जीते कहीं खुद को पीछे छोड़ चुकी है।
करीब दो मिनट 17 सेकंड के ट्रेलर में निमिषा सजयन बबीता सिंह उर्फ बेबी के किरदार में नजर आती हैं। वह एक निलंबित पुलिस अधिकारी हैं, जिनकी जिंदगी बचपन के दोस्त की हत्या के बाद पूरी तरह बदल जाती है। इस हत्या का सच जानने के लिए बेबी खुद जांच में उतरती हैं और जैसे-जैसे वह मामले की परतें खोलती हैं, उनके सामने सिर्फ अपराध से जुड़े राज नहीं, बल्कि उनकी अपनी जिंदगी से जुड़े कई सवाल भी सामने आने लगते हैं।
फिल्म की खासियत सिर्फ हत्या की गुत्थी नहीं है। कहानी एक ऐसी महिला के संघर्ष को सामने लाती है, जिसने जिंदगी भर दूसरों को खुश रखने और उनकी जरूरतों को खुद से ऊपर रखने की कोशिश की। अब दोस्त की मौत के बाद वह पहली बार अपने लिए फैसले लेने और अपनी पहचान को समझने की कोशिश करती है। इस दौरान परिवार, रिश्तों और पुराने फैसलों की जटिलताएं भी उसके सामने आती हैं। यानी मर्डर केस कहानी का हिस्सा जरूर है, लेकिन असली सफर बेबी के खुद को तलाशने का है।
बबीता सिंह रिपोर्टिंग का निर्देशन अंबीएका पंडित ने किया है और इसकी कहानी अमिता व्यास ने लिखी है। फिल्म का निर्माण फिल्म स्क्वाड प्रोडक्शंस ने एक्ट थ्री के साथ मिलकर सौरभ मल्होत्रा, मनुज मित्तरा और टीना थरवानी ने किया है, जबकि सुदीप शर्मा इसके एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। फिल्म 28 अगस्त 2026 को भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में हिंदी में प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।
Check Out Post:-