मनीष पॉल की मां उर्मिल पॉल का निधन, भावुक पोस्ट में बोले- 'आज दुनिया कुछ ज्यादा खामोश है'
टीवी के मशहूर होस्ट और अभिनेता मनीष पॉल की मां उर्मिल पॉल का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। मां के जाने से दुखी मनीष ने सोशल मीडिया पर उनके साथ अपनी कई यादगार तस्वीरें साझा कीं और एक भावुक पोस्ट लिखकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने फैंस से अपनी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की।
मनीष ने अपनी मां को याद करते हुए लिखा कि उन्होंने आज अपनी मां को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। उन्होंने मां को अपना पहला घर, सबसे बड़ा सहारा और दुनिया की सबसे मजबूत महिला बताया। अभिनेता ने कहा कि शब्दों में यह बताना मुश्किल है कि उनकी मां उनके लिए कितनी खास थीं और उनके जाने से जिंदगी में कितना बड़ा खालीपन आ गया है।
अपने पोस्ट में मनीष ने मां के प्यार, ताकत और सीख को याद किया। उन्होंने लिखा कि उनकी मां की दयालुता और संस्कार हमेशा उनके साथ रहेंगे। मनीष ने भावुक होते हुए अपनी मां को धन्यवाद दिया और कहा कि उनका प्यार हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेगा।
मनीष पॉल की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त संयुक्ता पॉल से शादी की है। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटी सायशा और बेटा युवान। मनीष ने अपने करियर की शुरुआत दिल्ली में स्कूल और कॉलेज के कार्यक्रमों की एंकरिंग से की थी, जिसके बाद उन्होंने टीवी और बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई।
मनीष पॉल ने फिल्म 'मिक्की वायरस' से बतौर लीड एक्टर बॉलीवुड में कदम रखा था। वह कई टीवी शोज होस्ट कर चुके हैं और अपनी मजेदार अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में वह फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' में नजर आए थे। मां के निधन की खबर के बाद मनोरंजन जगत के कई लोगों और फैंस ने मनीष के प्रति संवेदनाएं जाहिर की हैं।