बनारस न्यूज डेस्क: गंगा में होने वाले एयर शो को देखते हुए वाराणसी में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने वाले आयोजन के दौरान शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए बड़े वाहनों को तीन दिन तक शहरी सीमा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और हाईवे व रिंग रोड के कुछ हिस्सों को अस्थायी पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा।
एयर शो देखने के लिए वाराणसी से सटे जिलों और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में ट्रक, ट्रेलर, मालवाहक और लंबी दूरी के वाहनों को शहर में आने के बजाय तय जगहों पर ही रोकने की व्यवस्था की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए प्रमुख सड़कों और संपर्क मार्गों पर कई जगहों को चिन्हित किया है।
आयोजन के दौरान गंगा के दोनों किनारों पर दर्शकों की भारी भीड़ जुटने का अनुमान है। इसे देखते हुए बड़े वाहनों के अलावा छोटे वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस की कोशिश रहेगी कि दर्शकों की गाड़ियां आयोजन स्थल के आसपास मुख्य सड़कों तक न पहुंचें, ताकि जाम की स्थिति न बने और लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
यातायात पुलिस ने चंदौली की ओर पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी और कोदोपुर घाट समेत कई प्रमुख जगहों का निरीक्षण भी किया है। इन इलाकों में वीआईपी, पर्यटकों और आम दर्शकों के आवागमन को अलग-अलग रखने की तैयारी है। एयर शो के तीनों दिन ट्रैफिक पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस की अतिरिक्त तैनाती भी की जाएगी, ताकि भीड़ और वाहनों की आवाजाही को आसानी से संभाला जा सके।