ताजा खबर

यूपी में 4 दिन की बारिश से बिगड़े हालात, 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर; 9 जिलों में स्कूल बंद

Photo Source : Google

Posted On:Monday, September 28, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: यूपी में चार दिन तक लगातार हुई बारिश के बाद कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। बदायूं में करीब 70 साल पुरानी दो मंजिला कोठी अचानक भरभराकर गिर गई और महज 3 सेकंड में पूरी इमारत मलबे में बदल गई। अमरोहा में जर्जर मकान की दीवार गिर गई, जबकि मुरादाबाद में बारिश के बीच एक मकान की छत पर एक साथ 3 तेंदुए नजर आए।

बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और कई गांवों में पानी घुस गया है। नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद कुशीनगर में गंडक यानी नारायणी नदी उफान पर है। यहां 2 गांवों के करीब 1,400 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि 600 परिवार घर छोड़कर तटबंध पर रहने को मजबूर हैं।

गोंडा और बदायूं में छोटे पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है और लोग 2 से 3 फीट पानी के बीच से आने-जाने को मजबूर हैं। सीतापुर में सरायन और पिरई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 30 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। लोग ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से घर का सामान सुरक्षित जगह पहुंचा रहे हैं। उन्नाव में भी जलभराव के कारण कई लोग मकानों और दुकानों की छतों पर रहने को मजबूर हैं।

हालांकि सोमवार को करीब 96 घंटे बाद लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ हुआ और धूप निकली। संभल और बिजनौर समेत 5-6 जिलों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी 46 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। जलभराव और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 9 जिलों में स्कूल बंद हैं। बरेली, लखीमपुर-खीरी, पीलीभीत, संभल, बिजनौर और मुरादाबाद में 12वीं तक, जबकि गोंडा, बदायूं और जौनपुर में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.