ताजा खबर

वाराणसी में दर्दनाक हादसा: दीवार गिरने से मलबे और पानी में दबीं दो मासूम बहनें, 7 घंटे बाद मिले शव

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, November 11, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक दर्दनाक हादसे में दो छोटी बहनों की जान चली गई, जबकि उनके माता-पिता घायल हो गए। परिवार तालाब के किनारे बने अपने मकान के बरामदे में सो रहा था। मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। पूरा परिवार मलबे में दब गया और दीवार के साथ तालाब का पानी भी घर में घुस आया। माता-पिता किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन दोनों बच्चियां मलबे और पानी के बीच फंस गईं।

परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव में जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी वहां पहुंची। कई घंटों तक तलाश और रेस्क्यू ऑपरेशन चला। करीब सात घंटे बाद बुधवार सुबह 7:30 बजे सात साल की आफिया और चार साल की पलक के शव मलबे से बाहर निकाले गए। बच्चियों को इस हालत में देखकर मां तबस्सुम और पिता अजुद्दीन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 19 किलोमीटर दूर रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिम पूरा इलाके की है।

दादा ने बताया, कैसे हुआ हादसा

बच्चियों के दादा सिराजुद्दीन ने बताया कि रात में परिवार के लोग सो रहे थे। उनका बेटा, बहू और चार बच्चे घर के अंदर थे, जबकि वह बाहर सो रहे थे। अचानक दीवार गिरने की आवाज से उनकी नींद खुली। उन्होंने देखा कि बेटा-बहू चिल्लाते हुए कह रहे थे कि बच्चे पानी में डूब गए हैं। दादा ने तुरंत तालाब में छलांग लगा दी। गांव के दूसरे लोग और उनके भाई भी बच्चों की तलाश में पानी में उतरे, लेकिन किसी को बच्चियां नहीं मिलीं। इसके बाद पुलिस पहुंची और तलाश शुरू की गई। हादसे में परिवार के दो बच्चे बच गए हैं, जिनमें बड़ी बेटी रोशनी और एक छोटा बेटा शामिल है। दादा के मुताबिक, उनके पास जमीन की रजिस्ट्री है और मकान साल 2010 में बनवाया गया था।

तालाब के पास बने बरामदे में सो रहा था परिवार

सिराजुद्दीन चार कमरों के मकान में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके तीन बेटे हैं। सबसे बड़े बेटे अजुद्दीन उर्फ कल्लू की शादी हो चुकी है, जबकि बाकी दो बेटे अविवाहित हैं। अजुद्दीन अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ तालाब की तरफ बने बरामदे में रहता था। इस बरामदे की एक दीवार सीधे तालाब से लगी हुई थी। मानसून के दौरान हुई भारी बारिश के कारण तालाब पानी से भर गया था और पानी मकान की नींव तक पहुंच रहा था। आशंका जताई जा रही है कि लगातार नमी और सीलन की वजह से दीवार कमजोर हो गई थी और इसी कारण वह ढह गई।

रोहनिया के एसीपी अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि दीवार गिरने से दो बच्चियों की मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस रात में मौके पर पहुंच गई थी और रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया। दोनों बच्चियों के शव मलबे से निकाल लिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.