बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के बालाजी घाट पर गंगा स्नान के दौरान शनिवार को बस्ती जिले के 40 वर्षीय विवेक शर्मा की डूबने से मौत हो गई। विवेक अपनी बहन और जीजा के साथ वाराणसी घूमने आया था। सुबह जब वह गंगा में स्नान कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। पास खड़े बहन और जीजा ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने विवेक का शव बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। दोपहर तक शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई जारी थी।
विवेक की मौत से परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने उनके अन्य परिजनों को सूचना दे दी है, जो बस्ती से वाराणसी के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।