बनारस न्यूज डेस्क: बनारस में इन दिनों सूरज जैसे आग बरसा रहा है। तापमान 42 डिग्री से नीचे उतरने का नाम नहीं ले रहा, और लू की स्थिति ऐसी है कि बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। घरों में लगे कूलर-पंखे गर्म हवा उगलने लगे हैं। खिड़की खोलो तो झुलसाने वाली लपटें भीतर आती हैं, और बंद करो तो उमस दम घोंटने लगती है। हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच चुकी है, लेकिन राहत के बजाय ये गर्म भट्टी जैसी मालूम हो रही है।
सूरज की तपिश इतनी तीखी हो गई है कि घरों की छतों पर रखी पानी की टंकियों का पानी सुबह 10 बजे ही खौलने लगता है। दिनभर की तपन के बाद दीवारें इतनी गर्म हो जाती हैं कि रात के 12 बजे तक भी उनका ताप नहीं उतरता। लगातार तीसरे दिन तापमान 42 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से ज्यादा है। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए लू का यलो अलर्ट जारी कर दिया है, और पारा 45 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
लखनऊ के मौसम विज्ञान केंद्र से वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि अभी दो दिन और गर्मी कहर बरपाएगी, लेकिन इसके बाद राहत की खबर है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और हल्की बारिश की संभावना बन रही है। अनुमान है कि तीन-चार दिनों के भीतर मौसम बदल जाएगा और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।