बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने पिछले एक साल में महिला सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई की है। फरवरी 2024 से फरवरी 2025 के बीच पुलिस ने दुष्कर्म के 78 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि पॉक्सो एक्ट के तहत 71 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा, नाबालिग लड़कियों के अपहरण के मामलों में 109 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और 509 पीड़िताओं को बरामद किया गया।
अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) ममता रानी के मुताबिक, पिछले एक साल में महिला उत्पीड़न और छेड़खानी के मामलों में 566 आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई और 552 मुकदमों का निस्तारण किया गया। महिलाओं और किशोरियों के साथ शीलभंग के 152 मामलों का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया गया, जिससे पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सका।
महिला अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत न्यायालय में 133 मामलों का निपटारा किया गया, जिसमें 32 आरोपियों को दोषी साबित कर सजा सुनाई गई। वहीं, अन्य महिला अपराधों में 43 अभियुक्तों को अदालत ने दोषी मानते हुए दंडित किया। पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा को लेकर उनकी सख्ती जारी रहेगी।