कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ की रिलीज को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है। इस बीच एक्ट्रेस अंजलि आनंद ने फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक ऐसा किस्सा शेयर किया है, जो हंसी-मजाक से भरी इस फिल्म के पीछे छिपे इमोशनल पलों को भी दिखाता है। अंजलि ने बताया कि सेट पर एक खास सीन की परफॉर्मेंस ने डायरेक्टर इंद्र कुमार को इतना प्रभावित किया कि उनकी आंखों में आंसू आ गए।
अंजलि के लिए ‘धमाल 4’ का हिस्सा बनना किसी खास मौके से कम नहीं था। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग का अनुभव बेहद मजेदार रहा और पूरी टीम के साथ काम करना यादगार रहा। एक्ट्रेस ने कहा कि जब किसी प्रोजेक्ट के साथ काम करते हुए आपको खुशी महसूस हो, तो उससे बेहतर अनुभव कुछ नहीं हो सकता।
अपने सबसे यादगार पल को याद करते हुए अंजलि ने बताया कि इंद्र कुमार ने उन्हें बिना किसी बड़े ऑडिशन के सिर्फ उनकी तस्वीर देखकर फिल्म के लिए चुना था। शुरुआत में डायरेक्टर को शायद यह अंदाजा नहीं था कि वह अभिनय में कितनी मजबूत हैं, लेकिन शूटिंग के दौरान उनकी परफॉर्मेंस देखकर इंद्र कुमार काफी प्रभावित हुए।
अंजलि ने बताया कि एक सीन के दौरान उनकी एक्टिंग देखकर इंद्र कुमार की आंखों में गर्व और भावनाएं साफ नजर आ रही थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा जैसे उन्होंने डायरेक्टर को इमोशनल कर दिया हो। एक्ट्रेस के लिए यह पल बेहद खास था क्योंकि यह सिर्फ तारीफ नहीं, बल्कि एक फिल्ममेकर के भरोसे की जीत थी।
इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी ‘धमाल 4’ में कॉमेडी के साथ-साथ कुछ भावुक पल भी देखने को मिल सकते हैं। फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा और अंजलि आनंद समेत कई कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और दर्शकों को एक बार फिर धमाल फ्रेंचाइजी की मस्ती देखने का इंतजार है।
Check Out The Post:-