बनारस न्यूज डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे वाराणसी पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम 6 बजे के बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह रोहनिया स्थित होटल लेमन ट्री में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के बेटे अनिमेष मिश्र के विवाह समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री वाराणसी में ही सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे।
अमेरिका में कार्यरत हैं अनिमेष
राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' उत्तर प्रदेश सरकार में आयुष विभाग का दायित्व संभाल रहे हैं। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पुत्र अनिमेष मिश्र वर्तमान में अमेरिका में कार्यरत हैं।
अनिमेष का विवाह उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी साक्षी से हो रहा है। साक्षी अपनी पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं। उनके पिता डॉ. संजीव शुक्ला उत्तराखंड में भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। दोनों की रिंग सेरेमनी 28 जनवरी को रुद्रपुर में आयोजित हुई थी।