क्रिकेट के मैदान पर गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने वाले वीरेंद्र सहवाग अब रियलिटी टीवी में अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं। MX Player by Prime Video ने राइज़ एंड फ़ॉल सीज़न 2 के नए होस्ट के तौर पर सहवाग के नाम का ऐलान किया है। अपनी बेबाक बातों, मजेदार अंदाज और बिना लाग-लपेट के जवाबों के लिए मशहूर सहवाग अब ऐसे खेल की कमान संभालेंगे, जहां हर पल ताकत का समीकरण बदल सकता है।
शो की घोषणा एक मजेदार प्रोमो के जरिए की गई, जिसमें सहवाग का वही पुराना चटपटा अंदाज देखने को मिला। शो के मेकर्स ने भी उनके अंदाज में ऐलान करते हुए कहा कि अब कंटेस्टेंट्स की फील्डिंग सेट करने की जिम्मेदारी सहवाग की होगी। क्रिकेट में सामने वाले की रणनीति भांपने वाले सहवाग के लिए यह खेल थोड़ा अलग जरूर है, लेकिन यहां भी दांव, दबाव और सही समय पर लिया गया फैसला ही गेम पलट सकता है।
राइज़ एंड फ़ॉल सीज़न 2 में 15 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स दो अलग-अलग दुनिया में बंटेंगे। एक तरफ शानदार पेंटहाउस में रहने वाले ‘रूलर्स’ होंगे, तो दूसरी तरफ बेसमेंट में रहकर चुनौतियों से जूझने वाले ‘वर्कर्स’। यानी किसी के पास सुविधाएं होंगी तो किसी को ऊपर पहुंचने के लिए पसीना बहाना पड़ेगा। इस पूरे खेल में सिर्फ टास्क जीतना ही काफी नहीं होगा, बल्कि गठजोड़, रणनीति और रिश्ते भी कंटेस्टेंट्स की किस्मत तय कर सकते हैं।
सहवाग की एंट्री इस फॉर्मेट को और दिलचस्प बना देती है। क्रिकेट में जोखिम लेने और दबाव में भी आत्मविश्वास बनाए रखने की उनकी आदत यहां खूब काम आ सकती है। ऊपर से उनकी हाजिरजवाबी और मजाकिया वन-लाइनर्स कंटेस्टेंट्स के बीच चल रही तनातनी में मनोरंजन का तड़का लगाने के लिए काफी हैं। Banijay Asia द्वारा निर्मित यह MX Original शो Studio Lambert के मूल यूके फॉर्मेट पर आधारित है। नया सीजन Prime Video पर मुफ्त में स्ट्रीम होगा, हालांकि प्रीमियर की तारीख अभी सामने नहीं आई है।
Check Out The Trailer:-