बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के छावनी क्षेत्र में सेंट मेरीज कॉन्वेंट स्कूल और आसपास तेंदुए जैसे वन्यजीव के दिखने की सूचना के बाद भी सोमवार को कोई सर्च ऑपरेशन नहीं चलाया गया। तलाशी अभियान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इस बीच सोमवार रात टेक्निकल ग्राउंड में भी वन्यजीव दिखाई देने की चर्चा फैल गई, लेकिन वहां उसकी मौजूदगी की पुष्टि नहीं हो सकी।
इससे पहले वन विभाग की टीम ने 39 जीटीसी परिसर में तलाशी अभियान चलाया था। टीम ने वन्यजीव के संभावित ठिकानों की जांच की और कैमरों की मदद से भी उसका पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। एहतियात के तौर पर परिसर में पिंजरा भी लगाया गया है। वन विभाग ने अगले दस दिनों तक इलाके में निगरानी रखने की बात कही थी।
वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि बंगला नंबर 42, 43, 54 और 61 के आसपास घनी झाड़ियों में अब तक तलाशी अभियान नहीं चलाया गया है। वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिलने और सर्च ऑपरेशन न होने से इलाके के लोगों में डर बना हुआ है।
इस मामले में वाराणसी रेंज के डिप्टी रेंजर राजकुमार गौतम से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।