श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा की आने वाली फिल्म ‘ईठा’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। फिल्म के टीजर में श्रद्धा का बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिला था, जिसने उनके फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी। अब मेकर्स ने फिल्म के ट्रेलर की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। श्रद्धा कपूर ने भी सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी है। फिल्म में उनका किरदार जितना दमदार नजर आ रहा है, उतनी ही दिलचस्प इसकी कहानी भी लग रही है।
मेकर्स की ओर से साझा की गई वीडियो क्लिप में गांव का माहौल दिखाई देता है। रात के अंधेरे में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हैं और उनके बीच एक महिला खड़ी नजर आती है। आसपास मौजूद लोग जोर-जोर से ‘ईठा-ईठा’ के नारे लगाते हैं। बैकग्राउंड में बजता संगीत इस पूरे दृश्य को और प्रभावशाली बना देता है। वीडियो की झलक से साफ है कि फिल्म में लोककला, नृत्य और एक ऐसी महिला की कहानी देखने को मिलेगी, जो अपनी पहचान बनाने के लिए हर चुनौती का सामना करती है।
श्रद्धा कपूर ने इस वीडियो को साझा करते हुए लिखा, ‘बिखरेगा जलवा इस शुक्रवार।’ उनके इस संदेश के साथ फिल्म के ट्रेलर की रिलीज को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। फिल्म का ट्रेलर शुक्रवार को जारी किया जाएगा, जबकि ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। श्रद्धा के लिए यह फिल्म खास मानी जा रही है, क्योंकि इसमें वह एक ऐसे किरदार में नजर आएंगी, जो अपने नृत्य और हौसले के दम पर लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाता है।
फिल्म के टीजर में श्रद्धा कपूर विठाबाई के किरदार में नजर आई थीं। कहानी के एक अहम दृश्य में भाऊ गांवकर के तमाशा मंडल के कार्यक्रम में ईठाबाई की प्रस्तुति देखने के लिए भीड़ जुटती है। दर्शक जब उन्हें मंच पर नहीं देखते, तो उन्हें बुलाने की मांग करने लगते हैं। वहीं, बैकस्टेज ईठाबाई प्रसव के बाद की मुश्किल स्थिति से गुजरती दिखाई देती हैं। इसके बावजूद वह मंच पर जाने का फैसला करती हैं और अपनी प्रस्तुति के लिए तैयार हो जाती हैं। यह दृश्य उनके किरदार के जुनून, हिम्मत और कला के प्रति समर्पण को सामने लाता है। श्रद्धा का यह रूप उनके अब तक के कई लोकप्रिय किरदारों से काफी अलग नजर आता है।
टीजर का सबसे प्रभावशाली पहलू ईठाबाई का वह नजरिया है, जिसमें वह मुश्किलों के आगे हार मानने के बजाय अपनी पहचान बनाने का फैसला करती हैं। जब उन्हें चेतावनी दी जाती है कि वह मंच पर जाने से अपनी जान जोखिम में डाल सकती हैं, तो उनका जवाब उनके मजबूत इरादों को दिखाता है। फिल्म में रणदीप हुड्डा भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। अब सभी की निगाहें ट्रेलर पर टिकी हैं, जिससे कहानी और किरदारों की नई परतें सामने आने की उम्मीद है। 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली ‘ईठा’ दर्शकों को कितना प्रभावित करती है, इसका जवाब आने वाले समय में मिलेगा।
Check Out The Post;-