बनारस न्यूज डेस्क: पीड़िता को शादी का झांसा देकर कथित तौर पर शारीरिक शोषण और तीन बार गर्भपात कराने के आरोपी किशन पटेल को चितईपुर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बड़ागांव थाना क्षेत्र के बहोरिपुर गांव से हिरासत में लिया गया।
चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में उसकी बड़ी बहन की शादी बहोरिपुर में हुई थी। इसी दौरान बहन के देवर किशन पटेल का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
आरोप है कि किशन ने शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान पीड़िता तीन बार गर्भवती हुई, लेकिन हर बार आरोपी ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में किशन ने शादी से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।