बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए छह थाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। बैंकॉक से आए एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान आईएक्स-215 से उतरे यात्रियों के पास से करीब 19.7 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 19.70 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, नियमित जांच के दौरान यात्रियों के ट्रॉली बैग संदिग्ध पाए गए। गहन तलाशी में पता चला कि बैग के निचले हिस्से में नकली प्लास्टिक बेस बनाकर उसके भीतर गांजे के पैकेट छिपाए गए थे। सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 13 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह की एक महिला सरगना एयरपोर्ट से बच निकलने में सफल रही। अधिकारियों का कहना है कि उसके पास कोई सामान नहीं था, इसलिए वह जांच के दायरे में नहीं आई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वही होटल बुकिंग, स्थानीय संपर्क और नेटवर्क संचालन का काम संभालती थी। आरोप है कि उसने सभी सदस्यों से होटल में ठहराने के नाम पर 25-25 हजार रुपये भी लिए थे। कस्टम विभाग अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहा है और उसकी तलाश के लिए अन्य एजेंसियों की मदद ली जा रही है।
कस्टम विभाग के मुताबिक, वाराणसी एयरपोर्ट पर पिछले तीन महीनों में यह गांजा तस्करी का तीसरा बड़ा मामला है। अधिकारियों के अनुसार, मार्च 2026 से अब तक कुल 64.70 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया जा चुका है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे पहले भी तस्करी कर चुके हैं और वाराणसी से कोलकाता तथा बिहार के कुछ हिस्सों तक नेटवर्क सक्रिय था। मामले की सूचना केंद्रीय एजेंसियों, गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को भी भेज दी गई है।