बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र में पूजा-पाठ के जरिए संतान प्राप्ति का झांसा देकर लाखों रुपये और आभूषण ठगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान श्याम सिंह (40) निवासी पूरे खुसई मोहनगंज, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे कुरु तिराहे के पास से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर घर की आलमारी से 1.85 लाख रुपये और एक मूर्ति बरामद हुई है।
आरोप है कि श्याम सिंह और उसके साथी ने पीड़ित को पहले पूजा-पाठ के जरिए संतान प्राप्ति का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसे बताया गया कि जमीन के अंदर सोने की मूर्ति और सिक्के दबे हुए हैं। इसी बात पर विश्वास दिलाकर आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित से करीब 14 लाख रुपये और आभूषण ठग लिए।
पूछताछ में श्याम सिंह ने बताया कि वह मुख्य आरोपी राजेश सिंह उर्फ माया प्रकाश सिंह, निवासी पिलखनी, सुल्तानपुर, के साथ गोविंद के गांव गया था। श्याम और उसके साथी राजेश को 'गुरु जी' कहते थे। श्याम के मुताबिक, पूजा-पाठ और जमीन में सोना दबे होने की बात राजेश ने ही गोविंद को बताई थी। ठगी की रकम में से राजेश ने उसे 1.85 लाख रुपये दिए थे, जिन्हें उसने अपने घर की आलमारी में रख दिया था।
पुलिस ने श्याम सिंह की निशानदेही पर उसके घर से रकम और मूर्ति बरामद कर ली है। अब पुलिस इस मामले के दूसरे आरोपी और कथित मास्टरमाइंड राजेश सिंह उर्फ माया प्रकाश उर्फ की तलाश कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी में और कितने लोग शामिल थे।