बनारस न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी से नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत करेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के हर बच्चे का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।
इसका मुख्य कार्यक्रम वाराणसी के शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत बच्चों को स्कूल से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें निशुल्क पाठ्य-पुस्तकें, यूनिफॉर्म और बैग भी वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा रैलियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनप्रतिनिधियों के संबोधन के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
मुख्य आयोजन के साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों और समाज के प्रबुद्ध वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा सके।
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करने और बच्चों का नामांकन कराने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान का पहला चरण 15 अप्रैल तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 1 जुलाई से 15 जुलाई तक संचालित किया जाएगा।