ताजा खबर

वर्क वीजा के नाम पर ठगी का आरोप, चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, September 19, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: रामनगर निवासी गुलाब साहनी ने विदेश में नौकरी और वर्क वीजा दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए उत्तम नगर, नई दिल्ली निवासी नितिन अरोरा, उसके भाई अमित अरोरा, रमन कुमार और सिराजुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। रामनगर पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद केस दर्ज किया है। गुलाब का आरोप है कि नितिन ने खुद को विदेश भेजने और वर्क वीजा बनवाकर नौकरी दिलाने का काम करने वाला बताया था।

गुलाब के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी उसके परिचित अश्वनी कुमार के जरिए 1 मई 2025 को उसकी नितिन से बातचीत हुई थी। इसके बाद 3 मई को वह दिल्ली पहुंचा, जहां नितिन और अमित से मुलाकात हुई। रामनगर लौटने के बाद उसने नितिन के बैंक खाते में 10 हजार रुपये भेजे। 19 जून को दिल्ली में नितिन को 50 हजार रुपये नकद दिए गए। इसके अलावा होटल बुक कराने के नाम पर रमन के खाते में यूपीआई के जरिए भी रकम भेजी गई।

गुलाब का आरोप है कि 25 जून 2025 को दुबई पहुंचने के बाद उसे पता चला कि जिस होटल की बुकिंग कराई गई थी, वह फर्जी थी। इसके बाद नितिन के एजेंट सिराजुद्दीन ने उसे लेबर कैंप में रखा और उसका पासपोर्ट अपने पास रख लिया। 5 जुलाई तक उसे वर्क वीजा नहीं मिला। इसके बाद 6 जुलाई को वह दुबई से दिल्ली और 7 जुलाई को वाराणसी वापस लौट आया। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

गुलाब के अनुसार, उसने मामले की शिकायत रामनगर थाने में की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 11 जुलाई को पुलिस आयुक्त से भी शिकायत की गई। वहां से भी राहत नहीं मिलने पर उसने अदालत का रुख किया। कोर्ट के आदेश के बाद रामनगर पुलिस ने नितिन अरोरा, अमित अरोरा, रमन कुमार और सिराजुद्दीन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.