बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में गंगा के बीच नाव पर हुई पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वाराणसी में सामने आए इस वीडियो में कुछ लोग नाव पर डीजे की धुन पर जश्न मनाते और दूसरी नाव पर शराब का सेवन करते नजर आए, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई।
इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई। असदुद्दीन ओवैसी समेत कई विपक्षी नेताओं ने सवाल उठाए कि कुछ दिन पहले इफ्तार पार्टी करने वाले युवकों पर सख्त कार्रवाई हुई थी, तो क्या इस मामले में भी वैसी ही सख्ती होगी? उन्होंने गंगा में शराब सेवन को लेकर सरकार और पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े किए।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—अर्जुन राजभर और रवि उर्फ लाल साहनी—को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि यह पार्टी अस्सी घाट से मिर्जापुर जाते समय आयोजित की गई थी। इस मामले में नाविक की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है और अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और गंगा की पवित्रता से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, पहले इसी तरह के एक मामले में इफ्तार पार्टी करने वाले कई युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जिससे अब इस कार्रवाई की तुलना भी की जा रही है।