बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि युवक उसकी बेटी पर लगातार शादी का दबाव बना रहा है और इनकार करने पर तेजाब फेंकने की धमकी दे रहा है। इसके साथ ही आरोपी युवती की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उसकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।
पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपी दीपू सहानी रामनगर थाना क्षेत्र के कटेसर का रहने वाला है। वह कई दिनों से युवती को परेशान कर रहा है और दिनभर उनके घर के आसपास मंडराता रहता है। कभी खिड़की तो कभी दरवाजा पीटकर डराने की कोशिश करता है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। आरोपी ने हाल ही में युवती की तस्वीरें अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट की हैं।
महिला ने पुलिस को बताया कि दीपू सहानी ने धमकी दी है कि अगर युवती की शादी उससे नहीं कराई गई तो वह उसे किसी और का भी नहीं होने देगा और उस पर तेजाब फेंक देगा। डर के कारण बेटी का स्कूल जाना तक बंद कर दिया गया था। लगातार सोशल मीडिया पर तस्वीरें डालने से युवती के भविष्य को लेकर परिवार और अधिक चिंतित है।
शिकायत में यह भी बताया गया कि 9 फरवरी को परीक्षा के लिए निकली युवती को जंगमबाड़ी के पास आरोपी ने रोक लिया और विरोध करने पर उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। मोबाइल के कवर में रखे 5 हजार रुपये भी गायब हो गए। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के अनुसार, महिला की तहरीर पर बीएनएस की धाराओं 78(2), 79, 304(2) और 351(2) में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी और मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।