बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में गुरुवार को एक ही दिन में दो हत्याओं की घटनाओं ने शहर को दहशत में डाल दिया। सुबह सारनाथ इलाके में एक कॉलोनाइजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसकी गुत्थी पुलिस अभी सुलझा नहीं पाई थी। शाम होते-होते भेलूपुर क्षेत्र के कबीर नगर में एक और हत्या की खबर सामने आई। मातृ छाया अपार्टमेंट में पार्किंग को लेकर विवाद के दौरान प्राइवेट स्कूल के शिक्षक डॉक्टर प्रवीण झा को रॉड, डंडों और ईंट से इतनी बुरी तरह मारा गया कि वे खून से लथपथ हो गए।
मुख्य आरोपी आदर्श सिंह और उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आदर्श सिंह का संबंध कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉक्टर दुनिया राम सिंह से बताया जा रहा है। उनके खिलाफ पहले भी धांधली और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं। घटना का कारण पार्किंग विवाद बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, 48 वर्षीय शिक्षक डॉक्टर प्रवीण झा कार पार्किंग कर रहे थे, तभी उनके अपार्टमेंट के बगल में रहने वाला आदर्श पटेल पहुंचा। दोनों के बीच पार्किंग को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आदर्श ने अपने दो साथियों को बुला लिया और मिलकर हमला किया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन हमलावर पहले ही फरार हो चुके थे।
डीसीपी क्राइम सरवण टी. ने बताया कि इस मामले में परिवार की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी और उसके साथियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।