बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने के मामले में सारनाथ पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी का दावा है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और मुंबई में मंदिर में शादी कर पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 16 मई को कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर सारनाथ पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की।
सोमवार रात पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद मंगलवार सुबह थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लेढ़ूपुर निवासी विशाल राजभर उर्फ विशाल कश्यप को हीरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसलिए वह उसे लेकर मुंबई चला गया, जहां दोनों ने मंदिर में शादी कर ली और किराये के मकान में साथ रहने लगे।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि जब उसे पता चला कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है, तो वह युवती को लेकर वाराणसी लौट रहा था ताकि उसे घर छोड़ सके। कैंट स्टेशन पर पानी लेने के दौरान पुलिस ने युवती को अपने कब्जे में ले लिया। यह देखकर वह मौके से फरार हो गया था। बाद में प्रेमिका से मिलने के लिए पहुंचा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।