बनारस न्यूज डेस्क: रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) को उत्तर पूर्व रेलवे से 129.46 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजना मिली है। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि वह इस प्रोजेक्ट के लिए सबसे कम बोलीदाता यानी एल-1 घोषित हुई है। यह परियोजना वाराणसी मंडल के वाराणसी–प्रयागराज सेक्शन में इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन क्षमता बढ़ाने से जुड़ी है।
आरवीएनएल के अनुसार, परियोजना के तहत 2x25 केवी एटी ट्रैक्शन फीडिंग सिस्टम के लिए ट्रैक्शन सबस्टेशन, स्विचिंग पोस्ट और संबंधित उपकरणों का डिजाइन, सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग का कार्य किया जाएगा। यह काम इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन यानी ईपीसी मोड के तहत पूरा किया जाएगा।
कंपनी ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पावर सप्लाई सिस्टम की क्षमता को अपग्रेड करना है। इस पूरे प्रोजेक्ट को 730 दिनों के भीतर पूरा किया जाना है। आरवीएनएल ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कॉन्ट्रैक्ट एक घरेलू संस्था द्वारा दिया गया है और इसमें प्रमोटर समूह की किसी प्रकार की हिस्सेदारी नहीं है।
वहीं शेयर बाजार में आरवीएनएल के शेयरों में हल्की गिरावट देखी गई। बुधवार दोपहर करीब 2:57 बजे कंपनी का शेयर 269.90 रुपये पर कारोबार करता दिखा, जो दिनभर में 0.61 प्रतिशत नीचे रहा। कंपनी का शेयर इस साल अब तक करीब 25 प्रतिशत और पिछले 12 महीनों में लगभग 35 प्रतिशत तक गिर चुका है।