ताजा खबर

पीएम मोदी के जन्मदिन पर यूपी में सेवा संकल्प अभियान, वाराणसी से वडनगर तक निकलेगी बाइक यात्रा

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, September 16, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर को उत्तर प्रदेश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा निकाली जाएगी, जबकि प्रयागराज में रक्तदान शिविर और फिल्म स्क्रीनिंग जैसे कार्यक्रम होंगे। वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। यात्रा को मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने से भी जोड़ा गया है।

वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहेंगे। करीब 500 ‘सेवा यात्री’ बाइक से 10 अलग-अलग रूटों के जरिए वडनगर जाएंगे। यूपी में यह यात्रा 50 जिलों से गुजरेगी, जहां 88 रात्रि पड़ाव और 187 ठहराव रखे गए हैं।

यात्रा शुरू होने से पहले सेवा यात्री काशी विश्वनाथ धाम में गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद रास्ते में ‘लखपति दीदियों’, ‘ड्रोन दीदियों’, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और युवाओं से संवाद किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, अलग-अलग राज्यों से युवा भी इस बाइक यात्रा में शामिल होंगे।

प्रयागराज में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत रक्तदान शिविर के साथ करेंगे। सिविल लाइंस स्थित पीवीआर सिनेमा में 17 से 20 सितंबर तक ‘हनुमान अंश’ फिल्म की मुफ्त स्क्रीनिंग भी होगी। यह फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और भगवान हनुमान के प्रति उनकी भक्ति पर आधारित है। आयोजकों के मुताबिक, यह स्क्रीनिंग बीजेपी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के लिए होगी। गुरुवार को वहीं जन्मदिन समारोह और केक कटिंग का कार्यक्रम भी रखा गया है।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.