बनारस न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के इटावा में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बनारस से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट बस आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे-19 पर खड़े सरिया लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बस चालक और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। बस में करीब 45 यात्री सवार थे।
यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आईटीआई चौराहे के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय बस चालक प्रेम और 22 वर्षीय कंडक्टर दीपक के रूप में हुई है।
घायल यात्रियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में चल रही थी और चालक को झपकी आ गई थी। उन्होंने बताया कि खराब ट्रक के पास धीमी गति से चलने के संकेत भी लगे थे, लेकिन चालक समय रहते बस को नियंत्रित नहीं कर सका और बस सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में अफरा-तफरी मच गई।
जिला अस्पताल के डॉक्टर राहुल बाबू ने बताया कि दो दर्जन से अधिक घायलों का इलाज जारी है। वहीं, सिविल लाइन थाना प्रभारी ने कहा कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।