बनारस न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से प्रेम की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जो किसी सुपरहिट बॉलीवुड फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी लगती है। लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में एक प्रेमिका ने अपनी ही शादी में दूल्हे और बारात के सामने अपने प्रेमी के लिए मोर्चा खोल दिया। इस ड्रामे के बाद बारात तो बिना दुल्हन के लौट गई, लेकिन प्रेम कहानी का अंत सुखद रहा।
बारात के बीच प्रेमी की एंट्री
छितौनी गांव के पारस राजभर की बेटी की शादी की रस्में चल रही थीं और बारात दरवाजे पर दस्तक दे चुकी थी। इसी बीच, दुल्हन का प्रेमी पवन वहां पहुंच गया और अपनी प्रेमिका से शादी करने की जिद पर अड़ गया। यह देख दुल्हन के घरवालों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पवन की पिटाई शुरू कर दी।
'खबरदार! किसी ने पवन को छुआ तो...'
जैसे ही प्रेमी की पिटाई शुरू हुई, दुल्हन के लिबास में सजी प्रेमिका ने फिल्मी अंदाज में भीड़ के बीच एंट्री मारी। उसने चिल्लाते हुए कहा, "खबरदार! किसी ने मेरे पवन को हाथ भी लगाया तो..."। दुल्हन का यह रूप देखकर वहां मौजूद बाराती और घरवाले दंग रह गए। विवाद इतना बढ़ा कि बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
पुलिस चौकी में हुई शादी
मामला मारपीट और हंगामे तक पहुंच गया, जिसके बाद प्रेमी-प्रेमिका पंचायत पुलिस चौकी पहुंच गए। वहां घंटों तक पंचायत चली और पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। आखिरकार, लड़की के अडिग फैसले को देखते हुए दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए।
सुखद अंत की चर्चा
परिवार की सहमति मिलने के बाद प्रेमी और प्रेमिका की शादी करवा दी गई। यह रीयल लाइफ ड्रामा अब पूरे वाराणसी में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे 'रील नहीं, रीयल लाइफ' लव स्टोरी कह रहे हैं। फिलहाल, दोनों प्रेमी युगल बड़ों का आशीर्वाद लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत कर चुके हैं।