बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर शुक्रवार देर रात दो कारों के बीच हुई भीषण टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि टाटा पंच कार करीब 50 फीट तक पलटती चली गई। राहत की बात यह रही कि कार खिलाड़ियों के लिए बने रैंप में फंसकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कारों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से हरहुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब 1:20 बजे हुआ। हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर मारुति ब्रेजा और टाटा पंच की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में ब्रेजा सवार लोहता के मौढ़ेला निवासी प्रशांत कुमार शाह, मडुवाडीह के भुल्लनपुर निवासी यथार्थ गोस्वामी और सुंदरपुर निवासी मनीष पांडेय घायल हो गए। वहीं टाटा पंच में सवार मिर्जापुर के बुंदेलखंडी निवासी वैभव चौरसिया और जय चौरसिया भी घायल हुए।
टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। साथ ही घायलों के परिजनों को घटना की सूचना भी दे दी गई।
बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।