बनारस न्यूज डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से वडनगर के लिए निकली ‘जल जन सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ शुक्रवार को भदोही और मछलीशहर होते हुए प्रतापगढ़ पहुंची। यात्रा के प्रतापगढ़ पहुंचने पर शिवगढ़ा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। शाम करीब छह बजे यात्रा कटरा स्थित शीतला धाम मंदिर पहुंची, जहां रात में विश्राम किया गया।
शनिवार सुबह यात्रा के आगे रवाना होने से पहले शीतला धाम परिसर में पौधरोपण किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव और भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह समेत कई पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश दिए गए।
करीब 10 बजे यात्रा शीतला धाम से रायबरेली के लिए रवाना हो गई। प्रतापगढ़ में यह यात्रा का अंतिम पड़ाव रहा। जिले की सीमा पर रायबरेली भाजपा की टीम यात्रा का स्वागत करेगी और इसके बाद यात्रा को आगे के लिए रवाना किया जाएगा। यह बाइक यात्रा वाराणसी से वडनगर तक जाने वाले सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है और इसे 7 अक्टूबर तक गुजरात के वडनगर पहुंचना है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह ने बताया कि यात्रा के जरिए सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत देशभर में अलग-अलग सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, जिसके तहत लोगों को जनसेवा और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के कार्यक्रम रखे गए हैं।