बनारस न्यूज डेस्क: एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित पिछले दो दिनों से काशी में हैं और शुक्रवार सुबह उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। पति डॉ. श्रीराम नेने के साथ उन्होंने विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया और “ऊं नमः शिवाय” का जप भी किया। इसके बाद माधुरी ने शिव तांडव गाया और हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।
मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट किया गया। जब वह मंदिर से बाहर निकलीं तो श्रद्धालुओं ने “हर हर महादेव” के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। माधुरी ने भी मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि की नवमी पर बाबा का आशीर्वाद लेना उनके लिए बेहद खास है और यहां आकर उन्हें मानसिक शांति मिली है।
माधुरी ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की भव्यता की भी तारीफ की। वह नमो घाट से हाइड्रोजन क्रूज के जरिए गंगा मार्ग से मंदिर पहुंचीं। इससे पहले उन्होंने गंगा आरती देखी, दशाश्वमेध घाट पर दीपदान किया और क्रूज में कुल्हड़ वाली चाय का भी आनंद लिया। काशी पहुंचने पर एयरपोर्ट पर फैंस के बीच सेल्फी लेने की होड़ भी देखने को मिली।
माधुरी दीक्षित हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। 80 और 90 के दशक में उन्होंने अपनी शानदार एक्टिंग और डांस से इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई। ‘तेजाब’ से मिली पहचान के बाद उन्होंने ‘राम लखन’, ‘परिंदा’ और ‘दिल’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया और 2008 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।