बनारस न्यूज डेस्क: होली के दिन बुधवार को रंगों के साथ मौसम का मिजाज भी चटख नजर आया। तड़के करीब चार बजे से ठंडी हवाओं का असर महसूस हुआ और आसमान में हल्के बादलों के गुच्छे दिखाई दिए। हालांकि नमी में कमी के कारण बड़े मौसम बदलाव की संभावना नहीं है। वाराणसी और पूर्वांचल में लोगों के बीच त्योहार के दिन मौसम को लेकर खास उत्सुकता बनी रही।
मौसम विभाग के अनुसार होली पर मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वाराणसी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री से ऊपर और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है। दिन में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है।
पूर्वांचल के अन्य जिलों— गाजीपुर, बलिया, मऊ और आजमगढ़ में भी तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इन इलाकों में भी मौसम सुहावना रहने से लोगों ने खुले दिल से होली का आनंद लिया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार तापमान सामान्य रहने से राहत है। पिछले वर्षों में होली के दौरान पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे धूप की तपिश बढ़ गई थी। इस बार तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं आठ मार्च के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं।