बनारस न्यूज डेस्क: लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर शनिवार सुबह सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के पास इंडोरामा उर्वरक इकाई की साइडिंग पर एक मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतर गए। यह घटना सुबह करीब पांच बजे के बाद हुई। राहत की बात यह रही कि कोई वैगन पलटा नहीं और समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक मालगाड़ी उर्वरक इकाई में खाद की लोडिंग के लिए साइडिंग ट्रैक से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक उसके सात वैगन डिरेल हो गए। लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी, जिससे स्थिति और गंभीर नहीं हुई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन साइडिंग ट्रैक को नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग, परिचालन विभाग और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित कर ट्रैक बहाली और डिरेल हुए वैगनों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया। हादसे के कारण फिलहाल इंडोरामा उर्वरक इकाई में मालगाड़ियों की आवाजाही और खाद की लोडिंग प्रभावित हुई है।
आरपीएफ निहालगढ़ के उपनिरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि डिरेलमेंट फैक्ट्री की साइडिंग लाइन पर हुआ है, जबकि सिंदुरवा स्टेशन अधीक्षक अमित कुमार ने भी घटना की पुष्टि की। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही इस रूट पर मालगाड़ियों का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।
मुख्य रेलमार्ग पर नहीं पड़ा असर
रेलवे अधिकारियों के अनुसार हादसा केवल इंडोरामा की साइडिंग लाइन पर हुआ है। लखनऊ-वाराणसी मुख्य रेलमार्ग पूरी तरह सुरक्षित है और सभी यात्री व अन्य ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है।
हादसे के कारणों की होगी जांच
रेलवे ने डिरेलमेंट की वजह जानने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग की टीम ट्रैक, प्वाइंट और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद हादसे के कारण स्पष्ट होंगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।