बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद पुलिस विभाग ने गुरुवार को जश्न मनाया। शहर के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के आवास पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी उत्साह के साथ शामिल हुए।
उत्सव के दौरान पुलिसकर्मियों ने अनोखे अंदाज में होली खेली। कई अधिकारियों को रंग से भरे बाथ टब में डुबो दिया गया, जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया। वहीं महिला आईपीएस अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं और सभी ने मिलकर एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार का आनंद लिया।
डीजे पर बज रहे होली के गीतों के बीच पुलिसकर्मी जमकर नाचते नजर आए। इसी दौरान डीसीपी गोमती आकाश पटेल फायर टेंडर पर खड़े होकर रंग बरसाते दिखे, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मी रंगों में सराबोर हो गए। इस दौरान डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार भी मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में पहुंचे जिला अधिकारी सत्येंद्र कुमार को भी पुलिसकर्मियों ने रंग से भरे टब में डुबोकर होली की शुभकामनाएं दीं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि पूरे काशी में होली का उत्साह देखने को मिला और सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों ने त्योहार के बाद मिलकर खुशियां मनाईं। उन्होंने सभी लोगों को हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की शुभकामनाएं भी दीं।