बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में गंगा नदी में नाव सुरक्षा उल्लंघनों को लेकर पुलिस ने सघन अभियान चलाया है। हाल ही में एक नाव हादसे में यात्रियों के लाइफ जैकेट न पहनने और नाव की अधिक क्षमता से संबंधित मामले के सामने आने के बाद जल पुलिस और शहर पुलिस ने कठोर कार्रवाई की।
एसीपी गौरव कुमार और एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में दशाश्वमेध और भेलूपुर सर्किल के थानों की टीम ने अस्सी से नमो घाट तक नौकाओं की चेकिंग की। इस दौरान 150 से अधिक नावों की जांच की गई और सभी नावों को लाउडहेलर से निर्देशित किया गया।
जांच में पाया गया कि कई नावों में अधिक सवारी बैठाई जा रही थी और यात्री लाइफ जैकेट नहीं पहन रहे थे। अस्सी चौकी प्रभारी रणजीत कुमार की तहरीर पर सक्का घाट, राज मंदिर, शिवाला, नया महादेव सहित विभिन्न घाटों पर 5 नाविकों और दशाश्वमेध पुलिस की रिपोर्ट पर 3 अन्य नाविकों के खिलाफ बीएनएस 282 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए। इसके अलावा 12 अज्ञात नावों को भी मुकदमे में नामजद किया गया। कुल मिलाकर 13 नावें सीज की गई हैं।
एसीपी अतुल त्रिपाठी ने बताया कि दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने महेश कुमार सहानी, सूरज सहानी और टिंकू सहानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इन नावों पर यात्रियों की अधिक संख्या और लाइफ जैकेट न पहनने की स्थिति पाई गई। सभी नावों को घाट पर सीज कर सुरक्षित रखा गया।
पुलिस ने चेताया कि अब गंगा में नाव संचालन के लिए रिवाइज एडवाइजरी कड़ाई से लागू होगी। यात्री और नाविक नियमों का उल्लंघन करेंगे तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।