बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में मंगलवार को दिनभर बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर हुई बारिश के बीच कुल 17 मिमी वर्षा दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन वास्तविक बारिश अनुमान से काफी कम रही।
सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के तक कई इलाकों में तेज बारिश और बिजली चमकने का दौर चला। बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर जलभराव हो गया। इसके बाद दिन में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ गई, हालांकि आसमान में घने बादल छाए रहने से मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा।
बारिश के चलते अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री नीचे रहा। दोपहर में कुछ देर के लिए तेज धूप निकलने से उमस बढ़ी, लेकिन बाद में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम को फिर राहतभरा बना दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 25 जुलाई के बीच वाराणसी समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए फिलहाल कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ गया है और मानसूनी द्रोणी मध्य भारत की ओर खिसकने से अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना कम रहेगी।